Home Haryana झज्जर में प्रदूषण पर प्रशासन की सख्ती, आठ अवैध आरएमसी प्लांट हटवाए

झज्जर में प्रदूषण पर प्रशासन की सख्ती, आठ अवैध आरएमसी प्लांट हटवाए

15
0

झज्जर। एनसीआर में लगातार बिगड़ती वायु गुणवत्ता और प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। ग्रैप के नियमों का पालन सुनिश्चित करने और हवा को दूषित करने वाली गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए उपायुक्त ने संबंधित विभागों को अवैध गतिविधियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

इसी के तहत हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एचएसपीसीबी), बहादुरगढ़ के अनुरोध पर जिला नगर योजनाकार (डीटीपी), झज्जर की टीम ने जिले में अवैध रूप से संचालित आठ रेडी-मिक्स कंक्रीट (आरएमसी) प्लांटों को हटवाने की कार्रवाई की है। वहीं, प्रशासन की कार्रवाई को देखते हुए बादली स्थित मैसर्स कॉम आरएमसी ने अपना प्लांट ढांचा स्वयं ही हटा लिया।

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और डीटीपी विभाग के अनुसार, संबंधित आरएमसी प्लांट आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) के बिना और निर्धारित मानकों का पालन किए बगैर संचालित किए जा रहे थे। इन प्लांटों से निकलने वाली धूल और अन्य प्रदूषणकारी तत्व आसपास के वातावरण को प्रभावित कर रहे थे। एनसीआर में वायु प्रदूषण की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने इन इकाइयों के खिलाफ कार्रवाई की।

कार्रवाई के दायरे में गांव याकूबपुर स्थित मैसर्स श्री विनायक प्रोमिक्स, गांव दादरी तोए में मैसर्स पी एंड एस इन्फ्रा (प्लांट-II) और मैसर्स बालाजी ट्रेडर्स, गांव नौरंगपुर में मैसर्स बालाजी कंस्ट्रक्शन, गांव उकलाना में मैसर्स अल्ट्राटेक आरएमसी, मैसर्स हिंदुस्तान आरएमसी, गांव निमाना में मैसर्स बीकेजे बिल्डटेक और मैसर्स चाहर आरएमसी शामिल हैं।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रदूषण फैलाने वाली और नियमों का उल्लंघन करने वाली गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। संबंधित विभागों को वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए निगरानी रखने और नियमों का उल्लंघन करने वाली इकाइयों पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here