Home Haryana रेवाड़ी में दो ट्रालों की भीषण टक्कर के बाद लगी आग, चालक...

रेवाड़ी में दो ट्रालों की भीषण टक्कर के बाद लगी आग, चालक की जिंदा जलकर मौत

13
0
Screenshot

रेवाड़ी। हरियाणा के रेवाड़ी में जयपुर-दिल्ली हाईवे पर शुक्रवार तड़के मसानी बैराज के पास दो ट्रालों की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद एक ट्राले में भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं, दूसरे ट्राले का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक चालक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार अलसुबह दोनों ट्राले जयपुर-दिल्ली हाईवे से गुजर रहे थे। इसी दौरान मसानी बैराज के पास आगे चल रहे ट्राले के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे पीछे आ रहा ट्राला अनियंत्रित होकर आगे वाले ट्राले से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक ट्राले में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, आग इतनी भीषण थी कि ट्राले में फंसे चालक को बचाया नहीं जा सका और उसकी मौके पर ही जिंदा जलने से मौत हो गई। दूसरे ट्राले का चालक भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

दुर्घटना के कारण जयपुर-दिल्ली हाईवे पर करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर ट्रैफिक पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली। इसके बाद हाईवे पर वाहनों की आवाजाही दोबारा सुचारु कराई गई। पुलिस मृतक चालक की पहचान करने और हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here