Home Crime कलायत होटल लूट प्रयास और स्कूटी लूट मामले में फरार आरोपी पुलिस...

कलायत होटल लूट प्रयास और स्कूटी लूट मामले में फरार आरोपी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

2
0

बलिन्द्र कुमार , कैथल |  कैथल जिले के कलायत क्षेत्र में होटल पर लूट का प्रयास करने तथा पिस्तौल की नोक पर स्कूटी लूटने की वारदात में फरार चल रहे आरोपी को कैथल पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा और बाइक बरामद की गई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल कैथल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।

जानकारी के अनुसार 12 जून की रात कलायत स्थित एक होटल पर लूट का प्रयास किया गया था। इसके अलावा बलराज नगर कैथल में एक युवक से पिस्तौल की नोक पर स्कूटी लूटने की वारदात भी सामने आई थी। दोनों मामलों में आरोपी फरार चल रहा था और पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी।

सीआईए कलायत प्रभारी एएसआई मनीष कुमार ने बताया कि पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि वारदात में शामिल आरोपी निरंजन उर्फ माल्टा बिना नंबर की बाइक पर किठाना क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना मिलते ही सीआईए कलायत की टीम आरोपी की धरपकड़ के लिए सक्रिय हो गई। पुलिस टीम को किठाना क्षेत्र में संदिग्ध युवक बिना नंबर की बाइक पर दिखाई दिया, जिसके बाद पुलिस ने उसका पीछा शुरू किया।

पीछा करने के दौरान किठाना-जींद रोड स्थित रजबाहा पटरी पर आरोपी की बाइक फिसल गई और वह नीचे गिर पड़ा। पुलिस टीम ने उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन आरोपी ने अपने हथियार से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आरोपी द्वारा चलाई गई गोली सीआईए कलायत प्रभारी एएसआई मनीष कुमार की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी।

पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायर किया, जिसमें एक गोली आरोपी के दाहिने घुटने में लगी। घायल होने के बाद पुलिस टीम ने आरोपी को मौके पर ही काबू कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान निरंजन उर्फ माल्टा निवासी बुढ़नपुर, सेक्टर-16 पंचकूला के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा और बाइक बरामद की है। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल कैथल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस मामले में आगामी जांच और कानूनी कार्रवाई कर रही है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here