Home Haryana गोहाना में अफवाह के चलते मंदिर के पुजारी की पीट-पीटकर हत्या, पुलिस...

गोहाना में अफवाह के चलते मंदिर के पुजारी की पीट-पीटकर हत्या, पुलिस ने दर्ज किया केस

32
0
Screenshot

गोहाना (सोनीपत)। हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना क्षेत्र के गांव कथूरा में देवी मंदिर के 25 वर्षीय पुजारी सचिन की कथित तौर पर अश्लील हरकतों से जुड़ी अफवाह के आधार पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। सचिन पिछले तीन वर्षों से गांव के देवी मंदिर में पुजारी के रूप में रह रहा था। घटना  रात की बताई जा रही है, जबकि परिजनों को इसकी जानकारी अगले दिन मिली। पुलिस ने मृतक के भाई अमन की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सचिन के साथ मारपीट की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद गांव के सरपंच नवीन घायल पुजारी को भगत फूल सिंह राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कराया और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए।

मृतक के भाई अमन, जो कैथल जिले के गांव रोहेड़ा का रहने वाला है, ने पुलिस को बताया कि शुरुआत में उसे सूचना मिली थी कि सचिन को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी है और उसकी हालत गंभीर है। जब वह गांव कथूरा पहुंचा, तो उसे बताया गया कि कुछ लोग सचिन के साथ मारपीट कर उसे वहां छोड़ गए थे। बाद में अस्पताल में उसकी मौत की जानकारी मिली।

अमन के अनुसार, सचिन के खिलाफ अश्लील हरकतों को लेकर अफवाहें फैलाई जा रही थीं। इसी के चलते उसके साथ मारपीट की गई, जिससे उसकी जान चली गई। अमन ने यह भी बताया कि घटना से दो-तीन दिन पहले उसकी सचिन से मोबाइल फोन पर बातचीत हुई थी। उस दौरान सचिन ने उसे बताया था कि कुछ लोग उसे परेशान कर रहे हैं। अमन ने उसे सावधानी बरतने और किसी से विवाद नहीं करने की सलाह दी थी।

सचिन 12वीं कक्षा तक पढ़ा था। परिजनों के मुताबिक, उसने करीब सात साल पहले घर छोड़ दिया था। इसके बाद वह पहले पंजाब गया और फिर रोहतक जिले के गांव सांघी स्थित एक मंदिर में रहने लगा। पिछले तीन वर्षों से वह गांव कथूरा के देवी मंदिर में पुजारी की जिम्मेदारी संभाल रहा था।

पुलिस को कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली थी कि गांव के लोगों ने अश्लील हरकतों के शक में मंदिर के पुजारी के साथ मारपीट की है। बरौदा थाना पुलिस ने अमन की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल, घटना के पीछे की परिस्थितियों और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here