कुरुक्षेत्र। पिछले सोमवार हुई बूंदाबांदी के बाद अब जिले में मौसम के सामान्य होने के आसार हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आगामी एक सप्ताह के दौरान ज्यादातर समय मौसम साफ रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। हालांकि तापमान में एक-दो डिग्री का उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अक्टूबर के शुरुआती दिनों में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मौसम साफ रहने से सबसे ज्यादा फायदा धान की कटाई में जुटे किसानों को मिलने की उम्मीद है।
खेतों में तैयार खड़ी धान की फसल की कटाई के साथ उसे मंडियों तक पहुंचाने का काम भी तेज हो सकेगा। खेतों में नमी कम होने से कंबाइन मशीनों के जरिए कटाई में तेजी आएगी। किसान भी मौसम अनुकूल रहने की संभावना को देखते हुए धान की कटाई जल्द पूरी करने की तैयारी कर रहे हैं।
28 सितंबर को हुई बूंदाबांदी के बाद सुबह और शाम के समय ठंडक बढ़ गई थी। मंगलवार से बारिश का दौर थमने के बाद दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। वहीं सुबह और शाम हल्की ठंडक के साथ रात के तापमान में गिरावट से मौसम सुहावना बना हुआ है।
कृषि विशेषज्ञ डॉ. दर्शन के अनुसार अगले कुछ दिनों में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने या हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना से पूरी तरह इनकार नहीं किया जा सकता।
मौसम साफ रहने की स्थिति में धान कटाई का काम रफ्तार पकड़ सकता है और मंडियों में फसल की आवक बढ़ने की संभावना है। इसके अलावा कटाई के बाद खेतों और खुले स्थानों पर धान को सुखाने में भी किसानों को मौसम का फायदा मिलेगा।







