Home Haryana महम ब्लॉक समिति चेयरमैन नवनीत राठी पर धोखाधड़ी का केस, फर्जी शपथ...

महम ब्लॉक समिति चेयरमैन नवनीत राठी पर धोखाधड़ी का केस, फर्जी शपथ पत्र देने का आरोप

8
0

रोहतक। महम ब्लॉक समिति के चेयरमैन नवनीत राठी के खिलाफ विजिलेंस जांच बंद करवाने के लिए कथित तौर पर फर्जी शपथ पत्र देने के मामले में केस दर्ज किया गया है। ब्लॉक समिति की वाइस चेयरपर्सन निशू रानी की शिकायत पर आर्य नगर थाना पुलिस ने चेयरमैन नवनीत राठी और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी तथा फर्जी दस्तावेज तैयार करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

निशू रानी ने शिकायत में बताया कि उन्होंने ब्लॉक समिति के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर समिति में कथित भ्रष्टाचार को लेकर मुख्यमंत्री और एंटी करप्शन ब्यूरो के अधिकारियों को शिकायत दी थी। इसके बाद मामले की जांच पंचायती राज विभाग की विजिलेंस टीम को सौंपी गई थी। जांच के दौरान शिकायतकर्ताओं को बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया था।

निशू रानी के अनुसार, विजिलेंस अधिकारियों से जांच की स्थिति के बारे में जानकारी लेने पर उन्हें बताया गया कि पंचायत समिति महम से संबंधित रिकॉर्ड मांगा गया है। बाद में उन्हें पता चला कि जांच बंद कर दी गई है। जांच बंद होने का कारण पूछने पर अधिकारियों ने बताया कि शिकायतकर्ताओं की ओर से एक शपथ पत्र दिया गया था, जिसके आधार पर कार्रवाई रोक दी गई।

इसके बाद निशू रानी ने शपथ पत्र की प्रति हासिल की तो उस पर उनके हस्ताक्षर होने का दावा किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि दस्तावेज पर किए गए हस्ताक्षर फर्जी हैं। उनका कहना है कि उन्होंने न तो ऐसा कोई शपथ पत्र दिया था और न ही विजिलेंस जांच बंद कराने के लिए सहमति जताई थी। उन्होंने शपथ पत्र पर नोटरी की मुहर लगाए जाने पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि बिना उचित सत्यापन के दस्तावेज प्रमाणित किया गया।

शिकायत में निशू रानी ने चेयरमैन पर वित्तीय शक्तियों का कथित दुरुपयोग कर पंचायत समिति को नुकसान पहुंचाने के आरोप भी लगाए हैं। उन्होंने चेयरमैन की वित्तीय शक्तियां रोकने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

वहीं, चेयरमैन नवनीत राठी ने अपने ऊपर लगे आरोपों को साजिश करार दिया है। उनका कहना है कि चुनाव में हारने वाले पक्ष की ओर से लगातार उनके खिलाफ शिकायतें की जा रही हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की कोशिश की गई थी। राठी ने कानून पर भरोसा जताते हुए कहा कि जांच में पूरे मामले की सच्चाई सामने आ जाएगी।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर नवनीत राठी और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े दस्तावेजों और शिकायत में लगाए गए आरोपों की पड़ताल की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here