रोहतक। औद्योगिक मॉडल टाउनशिप (आईएमटी) रोहतक स्थित मारुति कंपनी के परिसर में तेंदुए के देखे जाने से हड़कंप मच गया। सुरक्षा कैमरे में तेंदुए की मौजूदगी कैद होने के बाद कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच डर का माहौल बन गया है।
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, 1 मई की रात करीब 8 बजे तेंदुआ परिसर की 8 फीट ऊंची दीवार से सटे पेड़ के सहारे अंदर घुसा। 2 मई की सुबह ताजा फुटेज में उसकी गतिविधि दोबारा नजर आई, जिससे पुष्टि हुई कि वह अभी भी परिसर में मौजूद हो सकता है।
कंपनी ने घोषित की दो दिन की छुट्टी
तेंदुए की मौजूदगी को देखते हुए कंपनी प्रबंधन ने एहतियातन प्लांट में दो दिन की छुट्टी घोषित कर दी है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस और वन्य जीव विभाग की टीमें तेंदुए की तलाश में जुटी हैं। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि तेंदुआ परिसर से बाहर निकल गया है या भीतर ही कहीं छिपा है।
रेस्क्यू ऑपरेशन और सुरक्षा उपाय
जब आईएमटी थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे, तो उन्हें अंदर प्रवेश की अनुमति मिलने में कुछ समय लगा। इसके बाद वन्य प्राणी विभाग की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। ग्रामीणों की मदद से भी खोजबीन की जा रही है।
मारुति का अनुसंधान एवं विकास केंद्र करीब 600 एकड़ में फैला हुआ है, जिसमें 31 किलोमीटर लंबा परीक्षण ट्रैक और कई प्रयोगशालाएं मौजूद हैं। इतनी बड़ी जगह में तेंदुए की मौजूदगी को लेकर रेस्क्यू ऑपरेशन जटिल हो गया है।
वन विभाग के एसआई चरण सिंह ने बताया कि तेंदुए की फुटेज मिलने के बाद टीम लगातार सर्च अभियान चला रही है और परिसर के साथ-साथ आसपास के गांवों में भी तलाशी ली जा रही है।







