Home Kurukshetra कुरुक्षेत्र में विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने पति व ससुरालियों...

कुरुक्षेत्र में विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने पति व ससुरालियों पर लगाया हत्या का आरोप

1
0

कुरुक्षेत्र/गुरदीप सिंह गुजराल-:कुरुक्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है।महिला का शव उसके ससुराल में फंदे से लटका मिला।ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है,जबकि मायके वालों ने पति,सास और ससुर पर हत्या का आरोप लगाते हुए कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची,शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए सीन ऑफ क्राइम (एफएसएल) टीम ने भी निरीक्षण किया।

जानकारी के अनुसार मृतका निशा मूल रूप से किशनपुरा गांव की रहने वाली थी। करीब 10 वर्ष पहले उसकी शादी कुरुक्षेत्र के अंचला चौक निवासी युवक से हुई थी।दोनों की लव मैरिज थी, जिसे बाद में परिवार की सहमति से सामाजिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया था। निशा अपने पीछे आठ वर्ष का बेटा और छह वर्ष की बेटी छोड़ गई है।मृतका की ताई पुष्पा ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही निशा को उसके पति,सास और ससुर मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। उनका कहना है कि पति शराब पीने का आदी था और अक्सर पैसों की मांग को लेकर निशा के साथ मारपीट करता था।कई बार विवाद बढ़ने पर निशा मायके भी आ गई थी।बाद में पंचायतों के हस्तक्षेप और समझौते के बाद उसे दोबारा ससुराल भेज दिया गया था।वहीं,मृतका के मामा ताराचंद का कहना है कि परिवार को घटना की जानकारी उस समय दी गई, जब निशा को अस्पताल ले जाया जा चुका था और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। उनका आरोप है कि यदि यह आत्महत्या का मामला होता तो ससुराल पक्ष तुरंत मायके वालों को मौके पर बुलाता।उन्होंने आशंका जताई कि निशा की हत्या कर शव को फंदे से लटकाया गया है। उन्होंने दोषियों की गिरफ्तारी तक पोस्टमार्टम नहीं कराने की चेतावनी भी दी।

किशनपुरा गांव के सरपंच संजीव कुमार ने बताया कि पति-पत्नी के बीच विवाद पहले भी कई बार पंचायत में पहुंच चुका था। दोनों पक्षों के बीच समझौता कराकर निशा को ससुराल भेजा गया था। अब इस घटना के बाद मायके पक्ष ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here