सुन्दर कुंडू , पलवल। जिले के गांव खाईका स्थित तालीम डेयरी पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ता फरीदाबाद की टीम ने 24 सितंबर 2026 को औचक निरीक्षण किया। टीम को सूचना मिली थी कि डेयरी में दूध से पनीर तैयार किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान मौके पर पनीर तैयार किया जा रहा था और करीब 500 किलोग्राम तैयार पनीर मिला।अधिकारियों ने डेयरी संचालक से खाद्य कारोबार से संबंधित लाइसेंस मांगा। संचालक ने एफएसएसएआई (FSSAI) रजिस्ट्रेशन प्रस्तुत किया, जिसे जांच के दौरान वैध पाया गया।
हालांकि, डेयरी परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली।इसके बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने मौके पर उपलब्ध दूध और तैयार पनीर के एक-एक नमूने लिए। दोनों सैंपल को नियमानुसार प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, लैब रिपोर्ट आने के बाद ही पनीर की गुणवत्ता और उसमें किसी तरह की मिलावट या प्रतिबंधित पदार्थ के इस्तेमाल की पुष्टि हो सकेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।निरीक्षण के दौरान करीब 500 किलोग्राम तैयार पनीर को खाने योग्य नहीं पाए जाने और डेयरी में स्वच्छता की स्थिति ठीक नहीं मिलने पर मौके पर ही नष्ट कराया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी की निगरानी में जेसीबी की मदद से गड्ढा खुदवाया गया। इसके बाद पनीर के साथ करीब 100 किलोग्राम दूध को भी नष्ट कर गड्ढे में दबवा दिया गया।कार्रवाई के बाद अब खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से लिए गए दोनों सैंपलों की लैब रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि पनीर में मिलावट या किसी प्रतिबंधित पदार्थ का इस्तेमाल हुआ था या नहीं।





