सोनीपत/रमेश कुमार-:सोनीपत के कच्चे क्वार्टर में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में आसपास की चार अन्य दुकानें भी इसकी चपेट में आ गईं। आग की लपटें और धुआं देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। फायर कर्मियों ने करीब पांच गाड़ियों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद सोनीपत के मेयर राजीव जैन भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
जानकारी के मुताबिक,कच्चे क्वार्टर इलाके में एक दुकान से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते दुकान आग की लपटों में घिर गई। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास की चार अन्य दुकानें भी इसकी चपेट में आ गईं। बताया जा रहा है कि जिस दुकान में सबसे पहले आग लगी,वहां बड़ी संख्या में कंबल रखे हुए थे। कंबलों के कारण आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया।वहीं,आग की चपेट में आई अन्य चार दुकानें खाली बताई जा रही हैं।स्थानीय लोगों ने तुरंत आग की सूचना फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की गंभीरता को देखते हुए पांच फायर टेंडर मौके पर लगाए गए। काफी देर की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जांच शुरू कर दी है। आग में दुकानों का सामान जलकर राख हो गया। फिलहाल नुकसान का सही आकलन नहीं हो पाया है।
वहीं,आगजनी की घटना को लेकर सब फायर ऑफिसर विनोद कुमार ने बताया कि कच्चे क्वार्टर में दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम को तुरंत मौके पर रवाना किया गया।आग तेजी से फैल रही थी और आसपास की दुकानें भी इसकी चपेट में आ चुकी थीं। मौके पर पहुंचकर पांच दमकल गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का काम शुरू किया गया। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है।हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों और इससे हुए कुल नुकसान की स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।







