सोनीपत: हरियाणा के सोनीपत जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां जिले के गन्नौर में सोमवार देर रात घरेलू कलह ने एक परिवार उजाड़ दिया। गन्नौर के गांधीनगर में पति ने पत्नी की हत्या कर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे। दोनों पति-पत्नी सोनीपत के बड़ी औद्योगिक क्षेत्र में मजदूरी का काम करते थे। दंपती मेहनत-मजदूरी कर परिवार चला रहे थे।
मकान मालिक को सोमवार रात सूचना मिली थी कि लोकेश ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। जब वह गांव पहुंचा तो उसने देखा कि कमरे का दरवाजा बंद था। उसने दरवाजा तुड़वाया तो अंदर लोकेश फंदे पर लटका था। वहीं उसकी पत्नी बेड पर मृत पड़ी थी। मकान मालिक ने मामले की सूचना पुलिस को दी। फिलहाल पुलिस ने मकान मालिक की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया था। वारदात की सूचना मिलने के बाद सोनीपत बड़ी थाना पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए निजी अस्पताल में भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।







