यमुनानगर | हरियाणा के ऐतिहासिक लोहगढ़ साहिब में रविवार को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बाबा बंदा सिंह बहादुर शहीद स्मारक एवं संग्रहालय निर्माण परियोजना का भूमि पूजन किया। कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा, रणबीर गंगवा, पूर्व शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर सहित अनेक जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
यह स्मारक परियोजना लगभग 75 करोड़ रुपये की लागत से 20 एकड़ भूमि पर विकसित की जाएगी। प्रस्तावित संरचना में आधुनिक संग्रहालय, मार्शल आर्ट (गतका) प्रशिक्षण केंद्र, थियेटर और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए सभागार शामिल होंगे। भूमि पूजन समारोह के दौरान गतका दलों ने वीरता की परंपरा को दर्शाते हुए शानदार प्रदर्शन किया, जिसने कार्यक्रम को ऐतिहासिक और प्रेरणादायक बना दिया।
मनोहर लाल खट्टर ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा बंदा सिंह बहादुर ने मुगल अत्याचार के खिलाफ लड़कर अन्याय के विरुद्ध संघर्ष की अद्वितीय मिसाल पेश की। उन्होंने समाज, धर्म और मानवता की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। खट्टर ने बताया कि हरियाणा सरकार इस परियोजना के लिए 10 करोड़ रुपये का आर्थिक सहयोग दे रही है, जिनमें से 4 करोड़ रुपये की पहली किश्त ट्रस्ट को जारी की जा चुकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि स्मारक का निर्माण शीघ्र शुरू हो जाएगा और यह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध होगा।
कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में खट्टर ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर कहा कि भाजपा-नीतीश कुमार का गठबंधन एक बार फिर राज्य में सरकार बनाने में सफल होगा।







