अंबाला-:हरियाणा में नशे की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी की सीआईए टीम ने अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को करीब 3 किलो अफीम के साथ गिरफ्तार किया है।आरोपी की पहचान अमन के रूप में हुई है।पुलिस के मुताबिक आरोपी रक्सौल से नशीला पदार्थ लेकर अंबाला पहुंचा था और यहां किसी व्यक्ति को इसकी सप्लाई की जानी थी।जानकारी के अनुसार,जीआरपी की सीआईए टीम रेलवे स्टेशन पर नियमित चेकिंग कर रही थी।इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि के आधार पर अमन से पूछताछ की गई और तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 3 किलो 11 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
सीआईए जीआरपी के इंचार्ज श्याम सिंह ने बताया कि जीआरपी एसपी के निर्देश पर रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में नशे के खिलाफ लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान अमन को अफीम के साथ पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया,जहां से उसे 6 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।पुलिस के अनुसार, रिमांड के दौरान आरोपी से यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि वह अफीम कहां से लेकर आया था और अंबाला में इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाना था। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी रक्सौल से यह नशीला पदार्थ लेकर आया था।पुलिस यह जांच कर रही है कि आरोपी इससे पहले भी नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल रहा है या नहीं।श्याम सिंह के मुताबिक, आरोपी अमन मजदूरी का काम करता है और उसे नशीला पदार्थ अंबाला तक पहुंचाने के लिए करीब 15 हजार रुपये दिए गए थे।पुलिस को उसके एक साथी के संपर्क में होने की भी जानकारी मिली है। जांच टीम अब उस व्यक्ति की भूमिका और पहचान की भी पड़ताल कर रही है।फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और रिमांड के दौरान नशीले पदार्थ की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।







