करनाल-:करनाल में भगवान श्री परशुराम जयंती के अवसर पर हरियाणा युवा ब्राह्मण सभा द्वारा एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। कार्यक्रम में करनाल लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। पूरे आयोजन स्थल पर श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक वातावरण देखने को मिला।
इस मौके पर मंत्री अरविंद शर्मा ने कहा कि अक्षय तृतीया और भगवान श्री परशुराम जयंती भारतीय संस्कृति और आस्था के महत्वपूर्ण पर्व हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में यह पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है तथा करनाल का यह आयोजन समाज की एकजुटता का प्रतीक है।उन्होंने कहा कि रोहतक में आयोजित पूर्व कार्यक्रम में यह निर्णय लिया गया था कि अब सभी महापुरुषों की जयंती 36 बिरादरी मिलकर मनाएंगी। सरकार भी सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए इस दिशा में लगातार कार्य कर रही है। शर्मा ने कहा कि सामूहिक आयोजनों से समाज में भाईचारा और आपसी सौहार्द मजबूत होता है।निकाय चुनावों को लेकर मंत्री अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रदेश में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी सातों निकायों में जीत दर्ज करेगी और जनता एक बार फिर बीजेपी पर विश्वास जताएगी।बीजेपी नेता कुलदीप बिश्नोई की नाराजगी से जुड़े सवाल पर मंत्री शर्मा ने कहा कि पार्टी स्तर पर बातचीत जारी है और जल्द सकारात्मक समाधान निकल जाएगा।







