Home Faridabad बीके अस्पताल में CMO का औचक निरीक्षण, अव्यवस्थाओं पर फटकार

बीके अस्पताल में CMO का औचक निरीक्षण, अव्यवस्थाओं पर फटकार

3
0

अनिल मंगला , फरीदाबाद। फरीदाबाद के बादशाह खान सिविल अस्पताल में देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब सिविल सर्जन डॉ. जयंत आहूजा अचानक निरीक्षण के लिए पहुंच गए। अस्पताल के विभिन्न वार्डों का दौरा करने के दौरान उन्हें कई गंभीर खामियां मिलीं, जिस पर उन्होंने स्टाफ को जमकर फटकार लगाई और व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।

निरीक्षण के दौरान डॉ. आहूजा ने ICU, जनरल वार्ड, बच्चों के ICU, लेबर रूम और जच्चा-बच्चा वार्ड समेत कई विभागों का जायजा लिया। इस दौरान कई मरीज बिना बेडशीट के बेड पर लेटे मिले। एक महिला मरीज को बिना चादर के देखकर सिविल सर्जन नाराज हो गए और स्टाफ को फटकार लगाने के बाद खुद बेडशीट बिछाते नजर आए। उन्होंने कहा कि यदि स्टाफ को परेशानी है तो वह खुद मरीजों की व्यवस्था संभाल लेंगे।

अस्पताल में पीने के पानी की व्यवस्था भी बदहाल मिली। जांच के दौरान वाटर कूलर और RO सिस्टम बंद पाए गए। डॉ. आहूजा ने आरोप लगाया कि हाल ही में मरीजों की सुविधा के लिए शुरू की गई व्यवस्थाओं को कुछ कर्मचारी जानबूझकर ठप कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कूलरों की बिजली सप्लाई काट दी गई थी और जिम्मेदार सुपरवाइजर व इलेक्ट्रीशियन ड्यूटी से गायब मिले।

CMO ने कहा कि लंबे समय से एक ही जगह तैनात कुछ कर्मचारी मनमानी कर रहे हैं और सुधार कार्यों में बाधा डाल रहे हैं। उन्होंने साफ कहा कि अब लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी कर्मचारियों के खिलाफ विभाग के उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भेजकर कार्रवाई की सिफारिश की जाएगी।

इमरजेंसी वार्ड के बाहर व्हील चेयर और स्ट्रेचर की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। वहीं लेबर वार्ड और HDU में स्टाफ की कमी देखकर सिविल सर्जन भड़क उठे। उन्होंने मौके पर मौजूद कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सभी अनुपस्थित कर्मचारियों को तुरंत ड्यूटी पर बुलाया जाए।

निरीक्षण के दौरान मरीजों ने भी अस्पताल की बदहाल व्यवस्था को लेकर शिकायतें कीं। मरीजों ने बताया कि अस्पताल में कई एसी खराब पड़े हैं, पीने के पानी और शौचालय की व्यवस्था भी ठीक नहीं है, जिससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

डॉ. जयंत आहूजा ने चेतावनी देते हुए कहा कि अस्पताल का सिस्टम जल्द सुधारा जाए, अन्यथा जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here