गुरुग्राम,अनुज पांचाल-:सेक्टर-14 मार्केट स्थित बर्गर किंग रेस्टोरेंट में देर रात एसी के आउटडोर कंप्रेसर में अचानक जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास मौजूद दुकानदारों और ग्राहकों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की चपेट में आने से रेस्टोरेंट के भारी-भरकम शीशे चकनाचूर हो गए।
जानकारी के अनुसार, रेस्टोरेंट के बाहर लगी एसी की कंप्रेसर यूनिट अचानक तेज आवाज के साथ फट गई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घबरा गए। रेस्टोरेंट के अंदर मौजूद ग्राहकों और कर्मचारियों में भी कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया।हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। जिस समय कंप्रेसर में ब्लास्ट हुआ, उस वक्त यूनिट के पास कोई कर्मचारी या अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था। इससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।घटना के बाद रेस्टोरेंट और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। एसी कंप्रेसर की नियमित जांच और समय पर मेंटेनेंस नहीं होने की स्थिति में इस तरह की घटनाएं गंभीर खतरा पैदा कर सकती हैं। स्थानीय स्तर पर अब कंप्रेसर में ब्लास्ट के वास्तविक कारणों की जांच और सुरक्षा मानकों की समीक्षा जरूरी मानी जा रही है। समय रहते हादसा टलने से लोगों ने राहत की सांस ली।







