रेवाड़ी। जिले के पीथनवास गांव में 22 वर्षीय युवक अपने घर के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
मृतक की पहचान गोपाल पुत्र मामन निवासी पीथनवास के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, गोपालरात परिवार के साथ भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने के लिए चला गया था। गुरुवार सुबह जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आया तो परिजनों को चिंता हुई। परिवार के सदस्य जब उसे देखने के लिए कमरे में पहुंचे तो वह मृत अवस्था में मिला।
घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कसोला थाना पुलिस और सीन ऑफ क्राइम टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य एकत्रित किए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
परिजनों ने बताया कि गोपाल की शादी वर्ष 2023 में हुई थी और हाल ही में उसका गौना हुआ था। वह मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाने के उद्देश्य से नीट परीक्षा की तैयारी कर रहा था। परिवार का कहना है कि हाल ही में घोषित परीक्षा परिणाम में अपेक्षा से कम अंक आने के कारण वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था।
हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है और मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। परिजनों और आसपास के लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।







