सिरसा, 12 नवंबर – हरियाणा सरकार भले ही किसानों को DAP खाद उपलब्ध करवाने का दावा कर रही हो, लेकिन सिरसा में किसानों को खाद की किल्लत से जूझना पड़ रहा है। पिछले दिनों भी किसानों ने DAP खाद की कमी को लेकर NH 9 पर सिरसा डबवाली रोड पर जाम लगाया दिया था. जिसके बाद किसानों को जल्द से जल्द DAP खाद उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया गया लेकिन उसके बाद आज एक बार फिर से किसानों ने DAP की मांग को लेकर रोड जाम कर दिया जिससे काफी वाहन घंटों तक जाम में फंसे रहे। रोड जाम के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
वहीं रोड जाम की सूचना मिलने के बाद कृषि विभाग और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाने में अधिकारी जुटे रहे लेकिन किसानों ने अधिकारियों की एक नहीं सुनी। किसानों ने सरकार को चेतावनी दी है कि जब तक सरकार किसानों को खाद उपलब्ध नहीं करवाती तब तक रोड जाम जारी रहेगा। कई घंटों तक जाम रहने के बाद अधिकारियों द्वारा जल्द DAP खाद मुहैया करवाने के आश्वासन के बाद किसानों ने जाम खोल दिया जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
किसानों ने सरकार और कृषि विभाग पर लगाया ये आरोप
डीएपी खाद की किल्लत को लेकर आज एक बार फिर से सिरसा में किसानों ने नेशनल हाइवे नंबर 9 पर जाम लगा दिया। किसानों का कहना है कि गेहूं की बिजाई का वक्त है और इस वक्त किसानों को खाद की सख्त जरूरत है लेकिन सरकार द्वारा किसानों को उचित मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं करवाई जा रही बल्कि खाद का स्टॉक किया जा रहा है जिसके चलते किसान परेशान हैं और इसी को लेकर आज किसानों ने रोड जाम किया है। किसानों के रोड जाम की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और कृषि अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाने का प्रयास किया। तकरीबन कई घंटे के जाम के बाद किसानों ने इस आश्वासन पर जाम खोला कि शुक्रवार तक उन्हें खाद उपलब्ध करवाई जाएगी। किसान राजीव कुमार और रामनाथ कुमार हरचरण सिंह ने बताया कि गेहूं की बिजाई का सीजन चल रहा है और किसानों को सबसे ज्यादा जरूरत इस समय खाद की है लेकिन खाद किसानों को उपलब्ध नहीं हो रही बल्कि उसका स्टॉक किया जा रहा है उन्होंने कहा कि परेशान हो कर किसानों ने आज रोड जाम किया है।







