Home Haryana मानेसर नगर निगम की बैठक के बाद बढ़ा विवाद, मामला थाने पहुंचा

मानेसर नगर निगम की बैठक के बाद बढ़ा विवाद, मामला थाने पहुंचा

26
0

अनुज पांचाल, गुरुग्राम। मानेसर नगर निगम की सदन बैठक के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक माहौल गरमा गया है। बैठक के दौरान हुए कथित हंगामे और उसके बाद पैदा हुए विवाद का मामला अब पुलिस तक पहुंच गया है। भाजपा के सीनियर डिप्टी मेयर ने भाजपा की ही मेयर और अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए आईएमटी सेक्टर-7 मानेसर थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नगर निगम की सदन बैठक के दौरान हंगामा, गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया गया। सीनियर डिप्टी मेयर का कहना है कि बैठक के दौरान न केवल माहौल को खराब करने का प्रयास किया गया, बल्कि बाहरी लोगों को बुलाकर दबाव बनाने और धमकाने की भी कोशिश की गई।

उन्होंने आरोप लगाया कि बैठक के दौरान कुछ लोगों द्वारा मारपीट और धक्का-मुक्की की गई। शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि महिला पार्षदों के साथ भी कथित रूप से धक्का-मुक्की की गई, जिससे बैठक का माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया।

सीनियर डिप्टी मेयर ने यह भी आरोप लगाया कि बैठक समाप्त होने के बाद उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। इन आरोपों के आधार पर उन्होंने संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

मामले को लेकर आईएमटी सेक्टर-7 मानेसर थाने में लिखित शिकायत दी गई है। विवाद से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आने की बात कही जा रही है, जिसे पुलिस जांच का हिस्सा बना सकती है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार शिकायत प्राप्त हो चुकी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और संबंधित पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। वहीं नगर निगम की बैठक के बाद उपजा यह विवाद शहर की राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here