Home Haryana गुरुग्राम में दर्दनाक सड़क हादसा, JCB की टक्कर से 27 वर्षीय मैकेनिकल...

गुरुग्राम में दर्दनाक सड़क हादसा, JCB की टक्कर से 27 वर्षीय मैकेनिकल इंजीनियर की मौत

19
0

गुरुग्राम। मोलसरी एवेन्यू रैपिड मेट्रो स्टेशन के पास देर रात हुए सड़क हादसे में 27 वर्षीय मैकेनिकल इंजीनियर तुषार कुमार की मौत हो गई। तुषार ड्यूटी खत्म करने के बाद बाइक से सेक्टर-37डी स्थित रामप्रस्था सोसाइटी में अपने ताऊ के घर जा रहा था। इसी दौरान एक जेसीबी ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, तुषार साइबर सिटी स्थित टीसीएस कंपनी में मैकेनिकल इंजीनियर के तौर पर काम करता था। वह रात करीब 11 बजे अपनी बाइक से घर की ओर जा रहा था। मोलसरी एवेन्यू रैपिड मेट्रो स्टेशन के नजदीक पहुंचने पर जेसीबी की बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तुषार की गर्दन में गंभीर चोट आई।

हादसे के बाद जेसीबी चालक मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। डीएलएफ फेज-3 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल तुषार को पास के नारायणा अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक तुषार मूल रूप से मथुरा के शांति नगर का रहने वाला था और फिलहाल गुरुग्राम में अपने ताऊ के घर रह रहा था। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया।

पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 106, 281 और 324(4) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस जेसीबी चालक की पहचान करने और उसे पकड़ने के लिए जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here