Home Haryana सावन में शिवमय हुआ अंबाला स्टेशन, कांवड़ लेकर ट्रेनों से हरिद्वार रवाना...

सावन में शिवमय हुआ अंबाला स्टेशन, कांवड़ लेकर ट्रेनों से हरिद्वार रवाना हो रहे श्रद्धालु

9
0

अंकुर कपूर , अंबाला | सावन माह की शुरुआत के साथ ही शिवभक्ति का रंग पूरे उत्तर भारत में देखने को मिल रहा है। अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर इन दिनों बड़ी संख्या में कांवड़िये हरिद्वार और ऋषिकेश के लिए रवाना हो रहे हैं। स्टेशन का माहौल पूरी तरह शिवमय नजर आ रहा है, जहां रंग-बिरंगी कांवड़ और “बम-बम भोले” के जयकारों के बीच श्रद्धालु गंगाजल लेने की यात्रा पर निकल रहे हैं।

पंजाब और हिमाचल प्रदेश से आने वाले अधिकांश कांवड़िये अंबाला के रास्ते ट्रेन द्वारा हरिद्वार पहुंच रहे हैं। रेलवे की ओर से शिवभक्तों की सुविधा के लिए विशेष ट्रेनें भी संचालित की जा रही हैं। इसके अलावा श्रीगंगानगर-हरिद्वार एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु सफर कर रहे हैं। कई कांवड़ियों ने अपनी कांवड़ को ट्रेन की खिड़कियों के साथ सुरक्षित बांधा हुआ है, जिससे ट्रेनों का दृश्य भी अलग और आकर्षक नजर आ रहा है।

कांवड़ियों ने बताया कि वे ट्रेन से हरिद्वार पहुंचेंगे और वहां गंगा स्नान कर पवित्र गंगाजल लेकर वापस पैदल यात्रा शुरू करेंगे। कई दिनों की पदयात्रा के बाद वे अपने-अपने शहरों और गांवों में पहुंचकर शिवरात्रि के अवसर पर मंदिरों में शिवलिंग का जलाभिषेक करेंगे। श्रद्धालुओं का मानना है कि इस यात्रा से भगवान शिव की विशेष कृपा प्राप्त होती है और जीवन में सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मिलता है।

सावन माह 30 जुलाई से शुरू होने के बाद हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। सड़क मार्ग के साथ-साथ रेलवे स्टेशन और ट्रेनें भी शिवभक्तों से भरी नजर आ रही हैं। अंबाला जंक्शन, जो पंजाब, हिमाचल और हरियाणा को जोड़ने वाला प्रमुख रेलवे केंद्र है, इन दिनों कांवड़ यात्रियों की आवाजाही का मुख्य केंद्र बना हुआ है।

श्रद्धालुओं का कहना है कि वे हर वर्ष हरिद्वार से गंगाजल लेकर आते हैं और पूरी श्रद्धा व भक्ति के साथ पैदल यात्रा कर अपने क्षेत्र के मंदिरों में जल अर्पित करते हैं। उनका मानना है कि यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था ही नहीं, बल्कि आत्मिक शांति और भगवान शिव के प्रति समर्पण का प्रतीक भी है।

सावन के इस पावन अवसर पर अंबाला स्टेशन से गुजरती कांवड़ यात्रियों की भीड़ और शिवभक्ति से सराबोर माहौल लोगों को धार्मिक उत्साह से भर रहा है। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन भी विशेष प्रबंध करने में जुटा हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here