गुड़गांव। सेक्टर-48 क्षेत्र में एक सिक्योरिटी गार्ड से मोबाइल छीनकर फरार हुए तीन युवकों का हाल ऐसा हुआ कि वे अब अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं। चौंकाने वाली बात तब सामने आई जब पीड़ित गार्ड ने अपने छीने गए मोबाइल पर कॉल किया—फोन उठाने वाले ने बताया कि मोबाइल अब अस्पताल में भर्ती किसी मरीज के पास है।
फोन किया तो पता चला—चोर अस्पताल में भर्ती हैं
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी निवासी नीरज कुमार, जो गुड़गांव के टीकरी गांव में किराए पर रहते हैं और सेक्टर-47 स्थित आईएलडी मॉल में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते हैं, ने बताया कि घटना 27 अप्रैल की रात करीब साढ़े आठ बजे की है। ड्यूटी खत्म कर घर लौटते समय एसडी आदर्श स्कूल के पास तीन बाइक सवार युवकों ने उनका मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए।
नीरज ने तुरंत ही अपने नंबर पर कॉल किया, जो किसी अजनबी ने उठाया। उसने बताया कि फोन अब अस्पताल में है और संबंधित युवक वहां गंभीर हालत में भर्ती हैं। इस पर नीरज तुरंत अस्पताल पहुंचे और वहां मौजूद स्टाफ को पूरी जानकारी दी।
पुलिस में शिकायत, केस दर्ज
नीरज कुमार ने पूरी घटना की जानकारी सदर थाना पुलिस को दी, जिसके बाद अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बदमाश किस दुर्घटना का शिकार हुए और उन्हें अस्पताल किस हाल में पहुंचाया गया।







