Home Haryana सोनीपत से दिल्ली ISBT तक शुरू होगी इलेक्ट्रिक बस सेवा, किराया 70...

सोनीपत से दिल्ली ISBT तक शुरू होगी इलेक्ट्रिक बस सेवा, किराया 70 रुपये तय

7
0

सोनीपत | हरियाणा रोडवेज जल्द ही सोनीपत से दिल्ली के कश्मीरी गेट आईएसबीटी तक इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू करने जा रहा है। इस रूट पर प्रति यात्री किराया 70 रुपये निर्धारित किया गया है। सेवा शुरू होने से दिल्ली आने-जाने वाले दैनिक यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों और विद्यार्थियों को किफायती, सुविधाजनक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन का विकल्प मिलेगा।

रोडवेज अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार को इस रूट पर दो इलेक्ट्रिक बसों का ट्रायल शुरू किया गया है। ट्रायल सफल रहने के बाद समय-सारिणी जारी कर नियमित संचालन शुरू कर दिया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, पहले दिल्ली रूट के लिए इलेक्ट्रिक बस का किराया 87 रुपये प्रस्तावित था, जबकि एसी बस का किराया 79 रुपये था। अधिक किराए के कारण ई-बस सेवा शुरू नहीं हो सकी थी। इसके बाद किराया कम करने का प्रस्ताव मुख्यालय को भेजा गया, जिसे मंजूरी मिल गई। अब इस रूट पर 70 रुपये किराया लागू किया जाएगा।

शुरुआती योजना के तहत इन बसों का संचालन केवल कुंडली बॉर्डर तक किया जाना था, जिससे यात्रियों को दिल्ली में प्रवेश के लिए दूसरा वाहन लेना पड़ता। हालांकि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रूट को बढ़ाकर सीधे कश्मीरी गेट आईएसबीटी तक संचालित करने का निर्णय लिया गया है। इससे यात्रियों को बार-बार वाहन बदलने की परेशानी से राहत मिलेगी और यात्रा का समय भी कम होगा।

यह पहली बार होगा जब सोनीपत डिपो की इलेक्ट्रिक बसें अंतरराज्यीय रूट पर संचालित होंगी। वर्तमान में डिपो की 15 ई-बसें गोहाना, पानीपत, गन्नौर और रोहतक सहित विभिन्न स्थानीय एवं अंतर-जिला मार्गों पर सेवाएं दे रही हैं।

रोडवेज प्रशासन के अनुसार, जल्द ही इस रूट का आधिकारिक टाइम टेबल जारी किया जाएगा। बसें निर्धारित समय पर डिपो से रवाना होंगी और मार्ग के सभी तय स्टॉपेज पर रुकेंगी, ताकि रास्ते में यात्रा करने वाले यात्रियों को भी सुविधा मिल सके।

सोनीपत रोडवेज के महाप्रबंधक संजय कुमार ने बताया कि दिल्ली रूट पर इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू करने की सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। किराया तय होने के बाद अब केवल प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। ट्रायल पूरा होने के बाद नियमित संचालन शुरू कर दिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here