Home Haryana  रेवाड़ी में रहस्यमयी धमाका : चार घायल, सिलिंडर सुरक्षित मिलने से बढ़ी...

 रेवाड़ी में रहस्यमयी धमाका : चार घायल, सिलिंडर सुरक्षित मिलने से बढ़ी गुत्थी  

1
0

रेवाड़ी | हरियाणा के रेवाड़ी शहर के हंस नगर इलाके में रविवार शाम हुए एक रहस्यमयी धमाके से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाका इतना तेज था कि मकान के दरवाजे और खिड़कियां टूटकर दूर जा गिरीं, जबकि लोहे का मुख्य गेट भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में एक युवती समेत चार लोग झुलस गए, जिनमें युवती की हालत गंभीर बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक धमाके की आवाज कई मीटर दूर तक सुनाई दी। आसपास के लोग इसे बम विस्फोट समझकर घबराहट में घरों से बाहर निकल आए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार हादसा सेना से सेवानिवृत्त सतबीर चौहान के घर में हुआ। रविवार शाम उनकी 23 वर्षीय बेटी तनु घर में कपड़ों पर प्रेस कर रही थी। इसी दौरान अचानक जोरदार विस्फोट हुआ। उस समय घर में सतबीर चौहान, उनकी पत्नी मधु, बेटी तनु, रिश्तेदार की छोटी बच्ची खुशी और पड़ोसी जयभगवान मौजूद थे। जयभगवान सीआरपीएफ में कार्यरत बताए जा रहे हैं।

धमाके में तनु गंभीर रूप से झुलस गई, जबकि सतबीर चौहान, जयभगवान और बच्ची खुशी भी घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर अलग-अलग अस्पतालों में रेफर कर दिया गया। तनु को पीजीआई रोहतक, सतबीर चौहान को गुरुग्राम और जयभगवान को दिल्ली स्थित आर्मी अस्पताल भेजा गया है। मधु को मामूली चोटें आई हैं और उनका स्थानीय स्तर पर इलाज किया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि मकान के शीशे चकनाचूर हो गए और दरवाजे कई फीट दूर जा गिरे। हालांकि जांच के दौरान घर में रखा गैस सिलिंडर, फ्रिज और अन्य उपकरण सुरक्षित पाए गए, जिससे शुरुआती तौर पर सिलिंडर ब्लास्ट की संभावना कम मानी जा रही है। यही वजह है कि विस्फोट के कारणों को लेकर रहस्य और गहरा गया है।

स्थानीय निवासी रिंकू सैनी ने बताया कि सतबीर चौहान और उनकी बेटी 50 प्रतिशत से अधिक झुलस गए हैं। परिवार पर इस हादसे का गहरा असर पड़ा है, क्योंकि तनु की शादी इसी साल 25 नवंबर को तय हुई थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने इलाके को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है। सेक्टर-3 चौकी इंचार्ज राकेश कुमार ने बताया कि विस्फोट के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here