सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत जिले में सोमवार सुबह पुलिस और कुख्यात गैंगस्टर गोपाल के बीच हुई मुठभेड़ में आरोपी मारा गया, जबकि सीआईए-1 में तैनात हेड कांस्टेबल देवेंद्र भी गोली लगने से घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मी का खानपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार गांव खुबडू के खेतों में सोमवार सुबह करीब छह बजे सोनीपत क्राइम ब्रांच सीआईए-1 और गन्नौर सीआईए पुलिस की संयुक्त टीम ने गैंगस्टर गोपाल की घेराबंदी की। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पैरोल जंप कर फरार चल रहा गोपाल किसी ग्रामीण की हत्या की साजिश रच रहा है और इलाके में हथियारों के साथ घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से खेतों में दबिश दी।
पुलिस के अनुसार खुद को घिरा देख गैंगस्टर गोपाल ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान सीआईए-1 के हेड कांस्टेबल देवेंद्र के हाथ में गोली लग गई। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे तुरंत खानपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि गांव अटायल निवासी गोपाल हत्या के दो मामलों में उम्रकैद की सजा काट रहा था। वह इसी वर्ष मार्च महीने में पैरोल पर जेल से बाहर आया था, लेकिन तय समय पर 30 मई को जेल में आत्मसमर्पण नहीं किया और फरार हो गया। इसके बाद उसने सोनीपत और पानीपत क्षेत्र में कई आपराधिक वारदातों को अंजाम देकर दहशत फैला रखी थी।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गोपाल के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, दुष्कर्म और अन्य गंभीर धाराओं सहित करीब 25 आपराधिक मामले दर्ज थे। पैरोल पर बाहर आने के बाद उसने पानीपत में एक और गन्नौर क्षेत्र में तीन वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस को आशंका थी कि वह जल्द ही किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम दे सकता है।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस आयुक्त ममता सिंह घटनास्थल पर पहुंचीं और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने खानपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचकर घायल हेड कांस्टेबल देवेंद्र का हालचाल जाना। पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों से पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने कहा कि पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी वारदात टालने में सफलता मिली है। साथ ही मुठभेड़ से जुड़े सभी पहलुओं की नियमानुसार जांच कराई जा रही है।
उधर, गैंगस्टर गोपाल के शव को पोस्टमार्टम के लिए खानपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। पुलिस पूरे मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाने और आगे की कानूनी कार्रवाई में लगी हुई है।







