यमुनानगर l शहर के एक होटल कारोबारी को डाक के माध्यम से मिले दो धमकी भरे पत्रों ने पुलिस और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। पत्रों में कारोबारी, उनके बेटे, बहन और जीजा को जान से मारने की धमकी देने के साथ-साथ होटल को आग लगाने की चेतावनी भी दी गई है। घटना के बाद कारोबारी और उनका परिवार दहशत के माहौल में जी रहा है।
मामला सेक्टर-17 हुडा क्षेत्र स्थित एवी रेजीडेंसी होटल के संचालक संजीव कुमार से जुड़ा है। संजीव कुमार के अनुसार उन्हें डाक के जरिए दो पत्र प्राप्त हुए। लाल स्याही से लिखे गए इन पत्रों में बेहद आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई है।
धमकी देने वाले ने पत्र में दावा किया है कि वह लंबे समय से कारोबारी की गतिविधियों पर नजर रख रहा है और उचित अवसर मिलते ही हमला करेगा। पत्र में कारोबारी के परिवार के अन्य सदस्यों को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। इसके अलावा होटल को आग के हवाले करने की चेतावनी भी दी गई है।
पीड़ित कारोबारी ने पुलिस को बताया कि पिछले कुछ समय से उन्हें किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा पीछा किए जाने का संदेह हो रहा था। हाल ही में शिमला यात्रा के दौरान भी उन्हें संदिग्ध गतिविधियां महसूस हुईं, जिसके चलते उन्होंने अपनी यात्रा बीच में ही समाप्त कर दी थी। वहीं, होटल परिसर में भी अजनबी और संदिग्ध लोगों की आवाजाही बढ़ने की बात सामने आई है।
संजीव कुमार ने अपनी शिकायत में बताया कि वर्ष 2023 में उनके खिलाफ एक दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ था, जिसे पुलिस जांच के बाद खारिज कर दिया गया था। पत्र में बार-बार “हमारी बहन” शब्द का उल्लेख होने के कारण उन्हें आशंका है कि यह धमकी उसी पुराने मामले से जुड़े किसी व्यक्ति द्वारा रंजिश के चलते भेजी गई हो सकती है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सेक्टर-17 थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि पत्रों के स्रोत का पता लगाने के लिए डाक विभाग की मदद ली जा रही है। पुलिस धमकी देने वाले की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी हुई है।







