Home Haryana अभिषेक बनर्जी जल्द जाएंगे जेल, ओवैसी कभी भाजपा के साथ नहीं रहे...

अभिषेक बनर्जी जल्द जाएंगे जेल, ओवैसी कभी भाजपा के साथ नहीं रहे : रेखा शर्मा

2
0
Screenshot

अंकुर कपूर , अंबाला |  राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने पश्चिम बंगाल के प्राथमिक स्कूल भर्ती घोटाले को लेकर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और उसके राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी पर तीखा हमला बोला। अंबाला प्रवास के दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने दावा किया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच के चलते अभिषेक बनर्जी जल्द ही सलाखों के पीछे हो सकते हैं।

 

रेखा शर्मा ने कहा कि पश्चिम बंगाल में प्राथमिक स्कूल भर्ती घोटाले की जांच जारी है और इस मामले में अभिषेक बनर्जी से लगातार पूछताछ की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस परिवारवाद की राजनीति का उदाहरण बन चुकी है और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पार्टी में अपने भतीजे को आगे बढ़ाने के लिए सब कुछ दांव पर लगा दिया है। उन्होंने कहा कि इसी कारण पार्टी के भीतर असंतोष बढ़ा है और कई नेताओं ने दूरी बनाई है।

राज्यसभा सांसद ने टीएमसी में कथित टूट पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हरियाणा में छोटी राजनीतिक पार्टियां धीरे-धीरे समाप्त हो रही हैं, उसी तरह राष्ट्रीय स्तर पर भी राजनीतिक परिदृश्य बदल रहा है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी की नीतियों और परिवारवाद के कारण पार्टी को नुकसान उठाना पड़ रहा है।

उत्तर प्रदेश की राजनीति और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के समाजवादी पार्टी को समर्थन देने संबंधी बयान पर रेखा शर्मा ने कहा कि ओवैसी कभी भी भारतीय जनता पार्टी के साथ नहीं रहे हैं। उन्होंने कहा कि ओवैसी हमेशा विपक्षी दलों के साथ खड़े दिखाई दिए हैं और भाजपा को उनसे किसी प्रकार के समर्थन की अपेक्षा भी नहीं है।

रेखा शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि वह देश के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित रहने वाले प्रधानमंत्रियों में शामिल हैं। उनके नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान भारत ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और वैश्विक स्तर पर कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि इन्हीं उपलब्धियों को लेकर वह अंबाला में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने पहुंची हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here