Home Haryana SIR प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस सतर्क, फर्जीवाड़े की कोशिश हुई तो करेंगे...

SIR प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस सतर्क, फर्जीवाड़े की कोशिश हुई तो करेंगे जवाबी कार्रवाई: करन दलाल

2
0
Screenshot

सुंदर कुंडू ,पलवल। विधानसभा क्षेत्र होडल में रविवार देर शाम विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में फरीदाबाद लोकसभा के एसआईआर प्रभारी एवं पूर्व मंत्री करन दलाल ने कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष नेत्रपाल अधाना भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संयोजन कांग्रेस प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य देवेश कुमार ने किया।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए करन दलाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ पर सक्रिय रहकर मतदाता सूची से संबंधित गतिविधियों पर नजर रखने का आह्वान किया।

करन दलाल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी अन्य राज्यों की तरह हरियाणा में भी मतदाता सूची के माध्यम से राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर सकती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस यह सुनिश्चित करेगी कि किसी भी वास्तविक मतदाता का नाम सूची से न कटे और कोई फर्जी नाम मतदाता सूची में शामिल न हो पाए।

पूर्व मंत्री ने दावा किया कि कांग्रेस के बीएलए-2 कार्यकर्ता सभी बूथों पर मुस्तैदी से तैनात रहेंगे और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर कड़ी नजर रखेंगे। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी गड़बड़ी या जालसाजी की कोशिश की गई तो कांग्रेस उसका पुरजोर विरोध करेगी।

करन दलाल ने कहा कि मतदाता सूची का निष्पक्ष और पारदर्शी संचालन सुनिश्चित करना निर्वाचन अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पात्र मतदाताओं को संविधान के अनुरूप उनका अधिकार मिलेगा। साथ ही चेतावनी दी कि यदि प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो कांग्रेस उसे बर्दाश्त नहीं करेगी।

बैठक में कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के दौरान बूथ स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने और प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here