Home Crime करनाल के पॉश सेक्टर-7 में लाखों की चोरी, जेवरात-नकदी समेत CCTV DVR...

करनाल के पॉश सेक्टर-7 में लाखों की चोरी, जेवरात-नकदी समेत CCTV DVR भी ले गए बदमाश

5
0
Screenshot


राकेश कुमार शर्मा , करनाल। शहर के पॉश सेक्टर-7 में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। परिवार की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर बदमाश घर में घुसे और सोने-चांदी के आभूषण, नकदी तथा अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। जाते-जाते आरोपी सीसीटीवी सिस्टम का डीवीआर भी उखाड़कर अपने साथ ले गए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

 

जानकारी के अनुसार, मकान मालिक का परिवार घर से बाहर गया हुआ था। परिवार के कुछ सदस्य श्री बद्रीनाथ धाम की यात्रा पर थे, जबकि घर की बहुएं अपने मायके गई हुई थीं। इसी दौरान खाली पड़े मकान को निशाना बनाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

मोबाइल पर CCTV की बफरिंग से हुआ शक

परिवार के सदस्य बाहर रहते हुए मोबाइल के जरिए घर में लगे सीसीटीवी कैमरों पर नजर रखे हुए थे। वापसी के दौरान कैमरों की फीड बार-बार बफर होने लगी। शुरुआत में इसे तकनीकी समस्या समझा गया, लेकिन घर पहुंचने पर चोरी की वारदात का खुलासा हो गया।

टूटा मिला दरवाजा, बिखरा पड़ा था सामान

घर पहुंचने पर मुख्य गेट के अंदर लगा लकड़ी का दरवाजा टूटा हुआ मिला। अंदर का दृश्य देखकर परिवार के होश उड़ गए। लगभग सभी कमरों के ताले टूटे हुए थे, अलमारियां खुली पड़ी थीं और लॉकरों को तोड़कर कीमती सामान निकाल लिया गया था। कमरों में सामान अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ था।

35 लाख तक के जेवरात और नकदी चोरी

पीड़ित परिवार के अनुसार, चोर करीब 30 से 35 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण, 2 से 2.5 लाख रुपये नकद और बड़ी संख्या में चांदी के सिक्के चोरी कर ले गए। बदमाशों ने घर के हर हिस्से की बारीकी से तलाशी ली और जहां भी कीमती सामान होने की संभावना थी, उसे अपने साथ ले गए।

सबूत मिटाने के लिए DVR भी ले गए

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर में लगे सीसीटीवी सिस्टम का डीवीआर भी उखाड़कर ले गए। माना जा रहा है कि बदमाश अपनी पहचान छिपाने और पुलिस जांच को गुमराह करने के उद्देश्य से यह कदम उठाकर गए हैं।

पुलिस और एफएसएल टीम जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, जबकि सीआईए की टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

पॉश कॉलोनी में हुई इस बड़ी चोरी ने स्थानीय निवासियों की चिंता बढ़ा दी है। लाखों रुपये की चोरी और बदमाशों के आसानी से फरार हो जाने के बाद क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों तक पहुंचने के लिए विभिन्न पहलुओं पर काम किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here