रोहतक। जिले के खिड़वाली गांव में तीन दिन से लापता एक किसान का शव शनिवार सुबह गांव के जोहड़ से बरामद होने के बाद सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने गांव के तीन युवकों पर हत्या का संदेह जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार खिड़वाली गांव निवासी रोहताश बुधवार से लापता था। इस संबंध में उसके भतीजे अशोक ने शुक्रवार को सदर थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि काफी तलाश के बावजूद रोहताश का कोई सुराग नहीं मिला। ग्रामीणों से पूछताछ के दौरान जानकारी सामने आई कि बुधवार देर रात रोहताश गांव के जोहड़ के पास बलराज, श्रीओम और रविंद्र उर्फ बदलू के साथ देखा गया था।
गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने रोहताश की तलाश शुरू कर दी थी। इसी बीच शनिवार सुबह करीब आठ बजे सूचना मिली कि गांव के डोभी वाले जोहड़ में कीचड़ के बीच एक शव दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से शव को बाहर निकाला।
शव की पहचान लापता किसान रोहताश के रूप में हुई। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और शव का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच के दौरान मृतक की जीभ बाहर निकली हुई पाई गई, जिसके बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
परिवार के सदस्यों का आरोप है कि शराब पीने के दौरान हुए किसी विवाद के बाद रोहताश की हत्या की गई हो सकती है। हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार शव का पोस्टमार्टम पीजीआई में तीन सदस्यीय मेडिकल बोर्ड की निगरानी में कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है और जांच जारी है।







