अंकुर कपूर ,अंबाला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में विभिन्न सेवा एवं जनकल्याण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में अंबाला शहर के हर्बल पार्क में पूर्व मंत्री असीम गोयल ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर असीम गोयल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी नियमित देखभाल कर उसे एक वृक्ष के रूप में विकसित करना भी उतना ही आवश्यक है। वृक्ष मानव जीवन और प्रकृति के संतुलन के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।
पूर्व मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि मां और प्रकृति दोनों ही निस्वार्थ भाव से हमें जीवन, सुरक्षा और संरक्षण प्रदान करती हैं। जिस प्रकार मां अपने बच्चों का पालन-पोषण करती है, उसी प्रकार वृक्ष भी बिना किसी अपेक्षा के हमें शुद्ध वायु, छाया और जीवनदायिनी ऊर्जा प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करना और उसे एक विशाल वृक्ष के रूप में विकसित होते देखना आत्मिक संतोष का विषय है। नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाते हुए पौधारोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए।
असीम गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी के नए आयाम स्थापित कर रहा है। ऐसे अभियानों में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी देश और समाज के लिए महत्वपूर्ण है।







