Home Haryana हरियाणा में बदला मौसम का मिजाज: आंधी-बारिश से गर्मी से राहत, कई...

हरियाणा में बदला मौसम का मिजाज: आंधी-बारिश से गर्मी से राहत, कई जिलों में नुकसान

2
0
Screenshot

चंडीगढ़। जून माह में सक्रिय हुए तीसरे पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हरियाणा के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज आंधी और बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है और 15 जून तक मौसम के इसी तरह बने रहने की संभावना है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 10 जून की रात सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के चलते हिसार, सिरसा, भिवानी, जींद, गुरुग्राम, करनाल और सोनीपत सहित 14 जिलों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके चलते दिन के तापमान में 3 से 9 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज हुई, जबकि रात का तापमान भी 3 से 7 डिग्री सेल्सियस तक कम हुआ है।

प्रदेश में सबसे अधिक राहत जींद और रोहतक में दर्ज की गई, जहां तापमान में क्रमशः 7.2 और 8.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी गई। करनाल में 29.8 मिमी और जींद में 32 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि गुरुग्राम, महेंद्रगढ़ और हिसार में भी बारिश का असर साफ दिखाई दिया।

हालांकि मौसम में आए इस बदलाव ने जहां लोगों को तपती गर्मी से राहत दी है, वहीं तेज आंधी और तूफान ने कई क्षेत्रों में नुकसान भी पहुंचाया है। 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली हवाओं के कारण बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई है और कृषि क्षेत्र को भी नुकसान पहुंचने की खबरें सामने आई हैं।

हिसार और फतेहाबाद जिले आंधी-तूफान से सबसे अधिक प्रभावित बताए जा रहे हैं। कई स्थानों पर पेड़ उखड़ने, बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त होने और विद्युत आपूर्ति बाधित होने की घटनाएं सामने आई हैं।

मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहने, तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here