Ambala, 19 October-अंबाला में दिवाली के मौके पर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था के पुख्ता इंतज़ाम किए हैं। बाजारों को चारों तरफ से बैरिकेड लगाकर बंद कर दिया गया है ताकि खरीदारी करने आए लोगों को किसी तरह की दिक्कत न हो। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई है और दुकानदार पुलिस की इस व्यवस्था से बेहद संतुष्ट नजर आ रहे हैं।
हिंदू धर्म में दिवाली का त्योहार सबसे बड़ा पर्व माना जाता है। इस मौके पर अंबाला के बाजारों में खरीदारी के लिए भारी भीड़ उमड़ रही है। लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था की है।अंबाला कैंट इलाके में पुलिस ने करीब दस स्थानों पर बैरिकेड्स लगाए हैं ताकि किसी भी चारपहिया वाहन को बाजार में प्रवेश न करने दिया जाए। जगह-जगह पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है ताकि भीड़ को नियंत्रित रखा जा सके और चोरी जैसी घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके।
पुलिस की इस व्यवस्था से स्थानीय दुकानदार बेहद खुश हैं और उन्होंने पुलिस प्रशासन की जमकर तारीफ की है। दुकानदारों का कहना है कि इस बार दिवाली की भीड़ पहले से ज्यादा है और कारोबार भी काफी अच्छा चल रहा है।वहीं अंबाला कैंट थाना प्रभारी ने बताया कि चोरी या अन्य अपराधों पर नजर रखने के लिए पुलिस की टीम सतर्क है। ट्रैफिक व्यवस्था को बनाए रखने के लिए नो-एंट्री जोन बनाए गए हैं और सभी वाहनों की एंट्री पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दी गई है।







