Home Haryana भीषण गर्मी में बढ़ी पानी की मांग, कैथल में बढ़ाई गई पेयजल...

भीषण गर्मी में बढ़ी पानी की मांग, कैथल में बढ़ाई गई पेयजल सप्लाई

3
0

बलिंदर कुमार, कैथल  | भीषण गर्मी के चलते कैथल शहर में पेयजल की मांग लगातार बढ़ रही है। बढ़ती जरूरत को देखते हुए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने शहर में पेयजल आपूर्ति बढ़ा दी है, ताकि लोगों को गर्मी के मौसम में पानी की कमी का सामना न करना पड़े।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी के कारण पानी की खपत सामान्य दिनों की तुलना में काफी बढ़ गई है। ऐसे में विभाग द्वारा अतिरिक्त पेयजल उपलब्ध कराने और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।

जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ गोपाल वैध ने बताया कि गर्मी के मौसम में पेयजल की सप्लाई बढ़ाई गई है। बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए नहरी पानी के टैंकों की भंडारण क्षमता में भी इजाफा किया गया है, जिससे पर्याप्त मात्रा में पानी सुरक्षित रखा जा सके।

उन्होंने कहा कि पानी की संभावित कमी और आपूर्ति में आने वाली बाधाओं से निपटने के लिए विभाग के फील्ड कर्मचारियों और अधिकारियों की वार्ड-वार विशेष ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही शहरवासियों से पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करने और इसकी बर्बादी रोकने की अपील की गई है।

एसडीओ ने बताया कि पेयजल की गुणवत्ता, सीवर लीकेज या पानी की सप्लाई में किसी प्रकार की रुकावट संबंधी शिकायत दर्ज कराने के लिए विभाग का टोल-फ्री नंबर भी उपलब्ध है, जिस पर नागरिक अपनी समस्या दर्ज करवा सकते हैं।

विभाग का दावा है कि गर्मी के इस मौसम में शहरवासियों को निर्बाध और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here