Home Haryana कैथल में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान, 150 जवानों ने...

कैथल में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान, 150 जवानों ने 50 घर खंगाले

24
0
Screenshot

बलविंदर कुमार, कैथल। हरियाणा के कैथल जिले को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर कलायत की सेंसी बस्ती में विशेष तलाशी अभियान चलाया गया। डीएसपी मुख्यालय बीर भान के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में करीब 150 पुलिसकर्मियों की टीम ने संदिग्ध नशा तस्करों के लगभग 50 घरों की तलाशी ली। इस दौरान स्निफर डॉग की भी मदद ली गई।

अभियान में थाना कलायत के एसएचओ एसआई रणदीप और सीआईए कलायत प्रभारी एएसआई मनीष कुमार सहित पुलिस के अन्य जवान शामिल रहे। पुलिस टीमों ने संदिग्ध घरों के अलावा आसपास के अन्य स्थानों की भी जांच की। इस कार्रवाई का उद्देश्य मादक पदार्थों की संभावित छिपाने की जगहों का पता लगाने के साथ अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों पर शिकंजा कसना था।

डीएसपी बीर भान ने बताया कि विशेष अभियान के जरिए नशा तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के साथ क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि नशे का अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि कैथल पुलिस ने वर्ष 2026 में अब तक नशा तस्करी के 190 मामले दर्ज कर 305 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

तलाशी अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने स्थानीय लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक भी किया। लोगों से अपील की गई कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

डीएसपी ने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। पुलिस का उद्देश्य केवल आरोपियों को गिरफ्तार करना नहीं, बल्कि पूरे जिले को नशे के दुष्प्रभावों से मुक्त करना है। उन्होंने आमजन से इस मुहिम में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि नशे का अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here