Home Haryana रेणु भाटिया के इस्तीफे के बाद नर्सिंग स्टाफ ने टाली हड़ताल, मांगों...

रेणु भाटिया के इस्तीफे के बाद नर्सिंग स्टाफ ने टाली हड़ताल, मांगों पर होगी गेट मीटिंग

10
0

अंबाला | हरियाणा के नागरिक अस्पतालों में नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन द्वारा प्रस्तावित दो घंटे की पेन-डाउन हड़ताल फिलहाल स्थगित कर दी गई है। महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया के इस्तीफे के बाद नर्सिंग कर्मचारियों ने आंदोलन को रोकने का निर्णय लिया है। अब आगामी रणनीति और मांगों को लेकर गेट मीटिंग आयोजित की जाएगी।

अंबाला की प्रधान नर्सिंग अधिकारी नीलम ने बताया कि हड़ताल को फिलहाल टाल दिया गया है और कर्मचारियों के साथ बैठक कर आगे की रूपरेखा तय की जाएगी।

दरअसल, कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी अस्पताल में किशोरी के कथित यौन शोषण मामले को लेकर महिला आयोग की तत्कालीन अध्यक्ष रेनू भाटिया के बयान पर नर्सिंग स्टाफ ने कड़ा विरोध जताया था। इसी के विरोध में मंगलवार को पूरे प्रदेश में नर्सिंग कर्मचारियों ने दो घंटे की सांकेतिक हड़ताल की थी, जबकि बुधवार को भी आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया गया था।

प्रदेश नर्सिंग ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन की अध्यक्ष विनीता कुमारी ने आरोप लगाया था कि पीड़ित किशोरी से काउंसलिंग के दौरान हुई बातचीत से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक करना अनुचित था और इससे पीड़िता की मानसिक स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि संवेदनशील मामलों में गोपनीयता बनाए रखना बेहद आवश्यक है।

विनीता कुमारी ने यह भी कहा कि नर्सिंग स्टाफ को लेकर की गई कुछ टिप्पणियों से महिला कर्मचारियों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने इसे नर्सिंग पेशे से जुड़ी महिलाओं के सम्मान का मुद्दा बताते हुए कहा कि ऐसे बयानों से समाज में गलत संदेश जाता है और कर्मचारियों के परिवारों पर भी इसका असर पड़ता है।

उल्लेखनीय है कि विवाद बढ़ने के बाद महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने देर रात अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद नर्सिंग कर्मचारियों ने तत्काल प्रभाव से अपनी हड़ताल स्थगित करने का फैसला लिया। हालांकि, एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि कर्मचारियों की मांगों और भविष्य की रणनीति पर जल्द ही विस्तृत चर्चा की जाएगी।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here