फतेहाबाद | हरियाणा के फतेहाबाद शहर में बुधवार सुबह सब्जी मंडी के सामने स्थित एक शटरिंग सामग्री की दुकान में भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही देर में पूरी दुकान धुएं और आग की चपेट में आ गई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार डीएसपी रोड निवासी जयप्रकाश की ‘ओम टिंबर’ नाम से शटरिंग सामग्री की दुकान है। सुबह करीब सात बजे जब वह दुकान पर पहुंचे तो दुकान के पिछले हिस्से से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी।
दुकान में रखा बांस, सीढ़ियां, पॉलीथीन और अन्य ज्वलनशील शटरिंग सामग्री आग की चपेट में आ गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे इलाके में घना धुआं फैल गया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। इस दौरान डेरा सच्चा सौदा के सेवादारों ने भी राहत कार्य में सहयोग करते हुए दुकान में रखा सामान बाहर निकालने में मदद की। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। हालांकि पॉलीथीन और अन्य सामग्री के कारण बीच-बीच में आग सुलगती रही और धुआं उठता रहा।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंच गया। एसएचओ सुरेंद्र ने पुलिस टीम के साथ स्थिति का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
दुकान मालिक के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर रात के समय चली तेज आंधी को भी संभावित कारणों में माना जा रहा है। फिलहाल प्रशासन और संबंधित विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हैं।
इस हादसे में दुकान का लाखों रुपये मूल्य का सामान नष्ट हो गया, जबकि समय रहते आग पर काबू पा लेने से आसपास की दुकानों को बड़ी क्षति से बचा लिया गया।







