फरीदाबाद | फरीदाबाद के बल्लभगढ़ स्थित सुभाष कॉलोनी के हरि विहार क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 55 वर्षीय महिला की जान चली गई। मकान का छज्जा अचानक ढह जाने से महिला मलबे के नीचे दब गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार हरि विहार निवासी जयवती सुबह करीब छह बजे घर के छज्जे पर बने बाथरूम में गई थीं। इसी दौरान बाथरूम वाला हिस्सा अचानक छज्जे समेत भरभराकर नीचे गिर गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वह मलबे में दब गई।
तेज धमाके जैसी आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटाकर महिला को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई।
मृतका की बेटी संगीता ने बताया कि गर्मी की छुट्टियों के चलते वह और उसकी दोनों बहनें अपनी मां से मिलने घर आई हुई थीं। परिवार पहले ही अपने पिता को खो चुका है और अब इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। घर में अब केवल एक भाई ही बचा है।
सूचना मिलते ही आदर्श नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अचानक हुए इस हादसे ने क्षेत्र के लोगों को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोग पुराने और जर्जर मकानों की सुरक्षा जांच कराने की मांग कर रहे हैं ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।







