Home Haryana एसआईआर प्रक्रिया पर कांग्रेस की पैनी नजर, धांधली बर्दाश्त नहीं होगी: नेत्रपाल...

एसआईआर प्रक्रिया पर कांग्रेस की पैनी नजर, धांधली बर्दाश्त नहीं होगी: नेत्रपाल अधाना

3
0

सुन्दर कुंडू, पलवल। हरियाणा में प्रस्तावित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस ने अपनी रणनीति तेज कर दी है। चंडीगढ़ में आयोजित कांग्रेस के जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर से लौटे पलवल कांग्रेस जिला अध्यक्ष नेत्रपाल अधाना ने कहा कि पार्टी प्रदेशभर में एसआईआर की पूरी प्रक्रिया पर कड़ी निगरानी रखेगी और किसी भी प्रकार की अनियमितता या धांधली को सफल नहीं होने देगी।

नेत्रपाल अधाना ने बताया कि हाल ही में चंडीगढ़ में कांग्रेस नेतृत्व द्वारा जिला अध्यक्षों के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया था। शिविर में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने आगामी एसआईआर प्रक्रिया के दौरान सतर्क रहने और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ राज्यों में चुनावों से पहले मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण के दौरान कई प्रकार की खामियां और विवाद सामने आए थे, जिनसे सबक लेते हुए कांग्रेस ने हरियाणा में पहले से तैयारी शुरू कर दी है।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी यह सुनिश्चित करेगी कि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची से न हटे और न ही नियमों के विपरीत किसी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाए। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस कार्यकर्ता बूथ स्तर तक सक्रिय रहेंगे और पूरी प्रक्रिया पर नजर रखेंगे।

अधाना ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष और पारदर्शी मतदाता सूची बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से कांग्रेस अपने संगठन को मजबूत करते हुए एसआईआर के हर चरण की निगरानी करेगी।

इस दौरान उन्होंने प्रदेश और केंद्र सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए। पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर उन्होंने भाजपा सरकार को घेरा और कहा कि महंगाई लगातार आम जनता पर बोझ बढ़ा रही है। साथ ही उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भी सरकार की कार्यप्रणाली पर निशाना साधते हुए कहा कि अपराध की घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं।

नेत्रपाल अधाना ने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए हर स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाएगी।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here