Home Haryana पीएम मोदी की हरियाणा रैली की तैयारियां तेज, लड्डू और चुनरी से...

पीएम मोदी की हरियाणा रैली की तैयारियां तेज, लड्डू और चुनरी से होगा स्वागत

1
0

चंडीगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को प्रस्तावित हरियाणा दौरे को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। संगठन स्तर पर स्वागत व्यवस्था, मंच संचालन, सुरक्षा समन्वय और रैली प्रबंधन सहित सभी व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की जा रही है। भाजपा ने रैली को जनभागीदारी और हरियाणवी संस्कृति का प्रतीक बनाने के लिए विशेष तैयारियां की हैं।

रैली में शामिल होने वाले लोगों को देशी घी के बूंदी के लड्डू वितरित किए जाएंगे, जबकि महिलाओं का सम्मान करने के लिए उन्हें चुनरी भेंट की जाएगी। महिलाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उनके लिए अलग बैठने की विशेष व्यवस्था भी की जाएगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पिछले 12 वर्षों में हरियाणा का यह 18वां दौरा होगा। इस दौरान वे प्रदेश को कई विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के साथ-साथ देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाना कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहेगा। भाजपा नेताओं को उम्मीद है कि प्रधानमंत्री हरियाणा के लिए कुछ नई विकास योजनाओं और परियोजनाओं की भी घोषणा कर सकते हैं।

रैली के दौरान भाजपा केंद्र सरकार के पिछले 12 वर्षों की उपलब्धियों और हरियाणा में हुए विकास कार्यों पर आधारित एक विशेष बुकलेट भी लोगों में वितरित करेगी। इस पुस्तिका में केंद्र और राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं, आधारभूत ढांचा परियोजनाओं तथा प्रदेश को मिली विभिन्न विकासात्मक सौगातों का उल्लेख किया जाएगा। पार्टी का उद्देश्य सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना है।

प्रधानमंत्री के पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास के संदेश को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने रैली में आने वाले लोगों से पर्यावरण-अनुकूल परिवहन साधनों का उपयोग करने की अपील की है। लोगों को ई-रिक्शा, इलेक्ट्रिक बैटरी वाहन, सीएनजी वाहन, साइकिल तथा ट्रैक्टर-ट्रॉलियों जैसे विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। पार्टी पदाधिकारियों को भी अधिक से अधिक लोगों को हरित परिवहन से जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रधानमंत्री के दौरे से पहले भाजपा का प्रचार अभियान भी तेज कर दिया गया है। 16 जुलाई तक प्रतिदिन प्रेस वार्ताओं का आयोजन किया जाएगा, जिनमें केंद्रीय मंत्री, हरियाणा सरकार के मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता कार्यक्रम की तैयारियों, विकास परियोजनाओं और रैली से जुड़ी जानकारियां साझा करेंगे। मीडिया समन्वय को सुचारु बनाने के लिए पंचकूला स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में विशेष मीडिया सेंटर भी स्थापित किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here