अम्बाला-:अंबाला कैंट के रोटरी अस्पताल में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना रहा। आयोजकों ने उम्मीद जताई कि शिविर में 100 से अधिक यूनिट रक्त एकत्रित होगा,जो कई जरूरतमंदों के लिए जीवनदान साबित होगा।
अंबाला कैंट स्थित रोटरी अस्पताल में आयोजित रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। शिविर का आयोजन IMA और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से किया गया। इस दौरान IMA के प्रधान डॉ. जितेंद्र अग्रवाल ने बताया कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है और इससे कई मरीजों की जान बचाई जा सकती है।उन्होंने कहा कि कई बार मरीजों को समय पर रक्त नहीं मिल पाता, जिससे उनकी परेशानी बढ़ जाती है। ऐसे में रक्तदान शिविर जरूरतमंदों के लिए संजीवनी का काम करते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि शिविर में 100 से अधिक यूनिट रक्त संग्रहित किया जाएगा।डॉ. अग्रवाल ने रोटरी अस्पताल की व्यवस्थाओं और चिकित्सकों की सराहना करते हुए कहा कि अस्पताल में रक्तदान शिविर आयोजित करने के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाली सभी संस्थाओं का भी धन्यवाद किया। IMA की ओर से आयोजित यह पहला रक्तदान शिविर रहा।वहीं रक्तदान करने पहुंचे युवाओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला। पहली बार रक्तदान करने वाले युवाओं ने कहा कि रक्तदान करके उन्हें बेहद खुशी महसूस हो रही है। उनका मानना है कि उनके इस छोटे से प्रयास से किसी जरूरतमंद की जान बच सकती है। उन्होंने भविष्य में भी नियमित रूप से रक्तदान करने का संकल्प लिया।







