Home Haryana अंबाला के तोपखाना इलाके में पीलिया का प्रकोप, 12 वर्षीय बच्ची की...

अंबाला के तोपखाना इलाके में पीलिया का प्रकोप, 12 वर्षीय बच्ची की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

3
0

अंकुर कपूर, अंबाला  | अंबाला के तोपखाना इलाके में पीलिया के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। इलाके में 12 वर्षीय बच्ची की मौत के बाद अब तक करीब 20 लोग पीलिया की चपेट में बताए जा रहे हैं। लगातार सामने आ रहे मामलों के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्वास्थ्य विभाग ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है।

मृतक बच्ची की पहचान मन्नत के रूप में हुई है, जिसकी पीलिया के कारण मौत हो गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से इलाके में गंदा और दूषित पानी सप्लाई किया जा रहा है, जिसके चलते लोग लगातार बीमार पड़ रहे हैं। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम तोपखाना इलाके में पहुंची और विभिन्न स्थानों से पानी के सैंपल एकत्र किए। साथ ही इलाके में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाकर लोगों की मेडिकल जांच भी शुरू कर दी गई है, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।

पूर्व पार्षद राजा और स्थानीय महिला जगजीत कौर समेत कई लोगों ने प्रशासन से तुरंत साफ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि दूषित पानी के कारण लगातार लोग बीमार हो रहे हैं और अब एक बच्ची की मौत ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।

स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर सुनील हरि ने बताया कि विभाग पूरी तरह सतर्क है और पूरे इलाके की निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि लोगों को केवल साफ और उबला हुआ पानी पीने की सलाह दी गई है। साथ ही बाहर से लाई गई बर्फ का उपयोग खाने-पीने की चीजों में न करने की हिदायत दी गई है।

डॉक्टर सुनील हरि ने बताया कि सभी सीएचसी और पीएचसी केंद्रों को निर्देश जारी किए गए हैं कि यदि किसी क्षेत्र में पीलिया के पांच या उससे अधिक मामले सामने आते हैं, तो वहां तुरंत पानी के सैंपल लेकर जांच की जाए।फिलहाल स्वास्थ्य विभाग इलाके में लगातार निगरानी बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की जा रही है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here