सोनीपत | हरियाणा के सोनीपत जिले में अपराध का ग्राफ लगातार चौंकाने वाली तेजी से बढ़ रहा है। जिले की बढ़ती आपराधिक घटनाओं को देखते हुए अब सोनीपत को हरियाणा की “अपराध राजधानी” कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी।
ताजा घटना में, नरेला रोड स्थित किरण पेट्रोल पंप के कैशियर विनोद से 8 लाख रुपये की लूट कर ली गई। जानकारी के अनुसार, विनोद पेट्रोल पंप से कैश लेकर बैंक जमा कराने के लिए निकला था। इसी दौरान पीछे से सेंट्रो कार में आए दो बदमाशों ने उसकी बाइक के सामने गाड़ी रोक दी और तेजधार हथियार से हमला कर नकदी लूट कर फरार हो गए।
इस सनसनीखेज वारदात की खबर जिले के पेट्रोल पंप संचालकों में आग की तरह फैल गई। सूचना मिलते ही सेक्टर-27 थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच की कई टीमें और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है और इलाके में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।







