अंबाला -:देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी के बाद आम लोगों की चिंता बढ़ गई है।बढ़ती महंगाई के बीच ईंधन की कीमतों में इजाफे का असर अब सीधे लोगों की जेब पर दिखाई दे रहा है। पेट्रोल पंपों पर पहुंचे लोगों ने जहां सरकार के इस फैसले पर नाराज़गी जताई, वहीं कुछ लोगों ने इसे हालात को देखते हुए जरूरी कदम भी बताया।
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हुई ताजा बढ़ोतरी के बाद आम आदमी का बजट एक बार फिर बिगड़ता नजर आ रहा है। करीब 3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी ने खासकर रोजाना वाहन इस्तेमाल करने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पेट्रोल पंपों पर पहुंचे वाहन चालकों का कहना है कि पहले से ही रसोई गैस, खाने-पीने की चीजों और अन्य जरूरी सामानों की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, ऐसे में ईंधन महंगा होने से अब सफर करना भी महंगा पड़ने लगा है।लोगों ने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने का असर केवल वाहन चलाने तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इसका असर हर जरूरी चीज की कीमत पर पड़ता है। कई लोगों ने सरकार से राहत देने की मांग की ताकि आम जनता पर महंगाई का बोझ कम हो सके।हालांकि कुछ लोगों ने सरकार के फैसले का समर्थन भी किया। उनका कहना है कि अगर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल की कीमतों में बदलाव हो रहा है या देश में ईंधन बचाने की जरूरत है, तो ऐसे कदम उठाना जरूरी हो जाता है। लोगों ने कहा कि देशहित को देखते हुए सभी को ईंधन का सोच-समझकर इस्तेमाल करना चाहिए।







