गुरुग्राम,अनुज पांचाल-:साइबर सिटी गुरुग्राम में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी दर्ज की गई है,जिससे आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ने लगा है।शुक्रवार सुबह से लागू हुई नई दरों के अनुसार पेट्रोल की कीमत में 2 रुपये 99 पैसे प्रति लीटर और डीजल की कीमत में 3 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया गया है।नई कीमतों के बाद गुरुग्राम में पेट्रोल अब 98 रुपये 64 पैसे प्रति लीटर बिक रहा है,जबकि पहले इसकी कीमत 95 रुपये 65 पैसे थी।वहीं डीजल की कीमत 88 रुपये 11 पैसे से बढ़कर 91 रुपये 11 पैसे प्रति लीटर हो गई है। लगातार बढ़ रही तेल कीमतों ने वाहन चालकों और रोजमर्रा के खर्चों को प्रभावित करना शुरू कर दिया है।
पेट्रोल पंपों पर पहुंचे लोगों ने बढ़ी कीमतों को लेकर चिंता जाहिर की। वाहन चालकों का कहना है कि हर बार टैंक फुल कराने में अब पहले से ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं।इसका असर केवल निजी वाहनों तक सीमित नहीं है,बल्कि टैक्सी,ऑटो और ट्रांसपोर्ट सेवाओं पर भी साफ दिखाई देने लगा है।लोगों का मानना है कि यदि इसी तरह तेल के दाम बढ़ते रहे तो महंगाई और तेज हो सकती है।पेट्रोल डीलर एसोसिएशन के पदाधिकारियों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव,केंद्र और राज्य सरकारों के टैक्स तथा डॉलर के मुकाबले रुपये की कमजोरी पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि की बड़ी वजह है। विशेषज्ञों का कहना है कि वैश्विक परिस्थितियों का सीधा असर घरेलू ईंधन बाजार पर पड़ता है।पेट्रोल पंप कर्मचारियों के मुताबिक नई कीमतें लागू होने के बाद शुक्रवार को ग्राहकों की संख्या में भी कमी देखने को मिली। कई लोगों ने जरूरत के मुताबिक ही पेट्रोल और डीजल भरवाया। आम उपभोक्ताओं का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई के बीच ईंधन की कीमतों में इजाफा परिवार के बजट को बिगाड़ रहा है।फिलहाल लोगों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि आने वाले दिनों में तेल की कीमतों में राहत मिलेगी या फिर महंगाई का यह दबाव और बढ़ेगा।







