अंबाला-:अंबाला छावनी के बीसी बाजार इलाके में एक सूखा पीपल का पेड़ स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी और डर का कारण बना हुआ है। बीते दिनों आए आंधी-तूफान के दौरान पेड़ का एक हिस्सा टूटकर बिजली की तारों पर गिर गया, जिससे इलाके में हादसे का खतरा और बढ़ गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि उस समय गली में कोई आवाजाही नहीं थी और कोई बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह पेड़ काफी समय से सूखा खड़ा है और कभी भी गिर सकता है। लोगों के मुताबिक उन्होंने कई बार नगर निगम और बिजली विभाग को लिखित शिकायत देकर पेड़ को हटाने की मांग की,लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।इलाके के लोगों का आरोप है कि प्रशासन की अनदेखी के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों में इस बात को लेकर भारी डर और नाराजगी है कि पेड़ बिजली की तारों के सहारे टिका हुआ है और तेज हवा या बारिश में गिर सकता है।स्थानीय निवासी प्रदीप,नरेश शर्मा और विद्या देवी ने जिला प्रशासन से जल्द से जल्द सूखे पेड़ को हटाने और इलाके को सुरक्षित बनाने की मांग की है, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।







