फरीदाबाद: हर बेटा अपने पिता की छांव में खुद को सुरक्षित महसूस करता है। लेकिन जब पिता ही दरिंदगी पर उतर आए तो वह कैसे सुरक्षित रह सकता है। ऐसा ही एक मामला हरियाणा के फरीदाबाद में एक कलयुगी बाप का सामने आया है। जहां उसने अपनी डेढ़ माह के मासूम बेटे को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। आरोपी ने उसकी गला दबाकर हत्या की और फरार हो गया। पुलिस ने पत्नी की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक ओल्ड थाना क्षेत्र के खेड़ी पुल स्थित राजीव नगर में रहने वाला सुंदर मूलरूप से झाड़सेतली के रहने वाला है। सुंदर फरीदाबाद की किसी कंपनी में लेबर का काम करता है। उसकी शादी करीब डेढ़ साल पहले बसेलवा कॉलोनी निवासी प्रिया से हुई थी। उसके जुड़वा बेटे हुए थे। आरोपी ने कहीं दूसरी जगह भी शादी कर रखी थी। इसी बात को लेकर पति पत्नी में विवाद रहता था। शुक्रवार को भी दोनों इसी बात को लेकर विवाद हो गया और उसने गुस्से में आकर अपने मासूम बेटे नवीस की हत्या कर दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी अभी फरार है।







