यमुनानगर-:यमुनानगर के जगाधरी-पांवटा साहिब नेशनल हाईवे पर गांव मानकपुर के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। महर्षि मारकंडेश्वर मुलाना स्कूल की एक तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि एक पुरुष और दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गए।दोनों घायलों को तुरंत इलाज के लिए यमुनानगर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और गुस्से का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कूल बस काफी तेज गति से चल रही थी। जैसे ही बस गांव मानकपुर के पास पहुंची,उसने सामने जा रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उस पर सवार तीनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे।आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों की मदद की और एंबुलेंस को सूचना दी।मौके पर पहुंची मेडिकल टीम ने एक महिला को मृत घोषित कर दिया,जबकि अन्य दोनों घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया।हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार होने की कोशिश करने लगा। हालांकि स्थानीय लोगों ने पीछा करते हुए उसे करीब एक किलोमीटर आगे जाकर पकड़ लिया।महिला की मौत से गुस्साए लोगों ने चालक की जमकर पिटाई कर दी। मौके पर कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति भी बनी रही। लोगों का आरोप है कि बस चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था,जिसके कारण यह बड़ा हादसा हुआ। हालांकि पुलिस का कहना है कि मेडिकल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि चालक ने शराब या किसी अन्य नशीले पदार्थ का सेवन किया था या नहीं।
घटना की सूचना मिलते ही जगाधरी सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।पुलिस ने स्कूल बस को कब्जे में ले लिया है और आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।साथ ही हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।जांच अधिकारी मानसिंह ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।चालक का मेडिकल टेस्ट कराया जाएगा और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र के लोगों में भारी रोष है।स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूल बस चालकों की नियमित जांच कराई जाए और तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए,ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।







