Home Haryana यमुनानगर के बाल छप्पर में किसान की गोलियों से हत्या, चुनावी रंजिश...

यमुनानगर के बाल छप्पर में किसान की गोलियों से हत्या, चुनावी रंजिश के एंगल पर जांच तेज

3
0

यमुनानगर:-हरियाणा के यमुनानगर जिले के गांव बाल छप्पर में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब सैर पर निकले 50 वर्षीय किसान की अज्ञात हमलावरों ने गोलियां मारकर हत्या कर दी।वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई है।शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश और चुनावी विवाद को घटना से जोड़कर देखा जा रहा है।मृतक की पहचान सतनाम सिंह के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि वह बोल नहीं सकता था और गांव में अकेले रहकर खेती-बाड़ी का काम संभालता था।उसका बेटा और पत्नी विदेश में रहते हैं।सोमवार सुबह वह रोजाना की तरह घर से टहलने के लिए निकला था।इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े,लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।गंभीर रूप से घायल सतनाम सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। एसपी कमलदीप गोयल, डीएसपी रजत गुलिया, थाना छप्पर पुलिस,CIA टीमें और फॉरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच भी शुरू कर दी है।शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।गांव बाल छप्पर पहले भी कई बार खूनी संघर्ष और फायरिंग की घटनाओं को लेकर चर्चा में रह चुका है।ग्रामीणों के अनुसार गांव में चुनावी रंजिश और गुटबाजी लंबे समय से चली आ रही है।पिछले कुछ वर्षों में यहां आधा दर्जन से ज्यादा फायरिंग की घटनाएं हो चुकी हैं और कई लोगों की जान जा चुकी है। बढ़ती हिंसा को देखते हुए प्रशासन ने गांव में अस्थाई पुलिस चौकी भी बनाई थी,लेकिन इसके बावजूद अपराधियों के हौसले कम नहीं हुए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि गांव में लंबे समय से तनाव का माहौल बना हुआ है।कई बार छोटी-छोटी बातों पर भी विवाद हिंसक रूप ले लेते हैं।ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में स्थायी पुलिस चौकी और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।थाना छप्पर के प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।उन्होंने कहा कि हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ तकनीकी साक्ष्यों को भी खंगाल रही है।इस हत्याकांड के बाद एक बार फिर यमुनानगर की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। लगातार हो रही फायरिंग और हत्या की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है।अब सभी की नजर पुलिस जांच पर टिकी है कि आखिर इस सनसनीखेज हत्या के पीछे कौन लोग हैं और क्या पुलिस गांव में बढ़ते अपराध पर लगाम लगा पाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here