चरखी दादरी | चरखी दादरी जिले में मंगलवार सुबह नेशनल हाईवे-148बी पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोपेड सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा पालड़ी बस अड्डे के समीप उस समय हुआ, जब हरियाणा रोडवेज की बस और मोपेड की आमने-सामने टक्कर हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान गांव पालड़ी निवासी महिपाल पुत्र छाजूराम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिपाल अपनी विक्की मोपेड पर सवार होकर गांव से मुख्य सड़क की ओर जा रहे थे। इसी दौरान महेंद्रगढ़ से चरखी दादरी की तरफ आ रही दादरी डिपो की हरियाणा रोडवेज बस से उनकी टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि मोपेड बस के नीचे फंस गई और महिपाल ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर झोझू कलां थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चरखी दादरी के सिविल अस्पताल भेज दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।







